देश में एकसाथ लोक और विस चुनाव होने से खर्चा घटेगा विधायकों की खरीद फरोख्त रुकेगी
शिमला। अमर उजाला विचार प्रवाह के तहत वीरवार को राजधानी शिमला के सेंटर ऑफ एक्सिलेंस संजौली कॉलेज में श्री मुरारी लाल माहेश्वरी स्मृति वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका विषय देश हित में एक देश एक चुनाव रहा। जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता में आठ कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया।
स्पर्धा में राजीव गांधी महाविद्यालय कोटशेरा की टीम में शामिल प्रांशु आदित्य और विवेक ने पहला स्थान प्राप्त किया। कोटशेरा कॉलेज की टीम के प्रांशु आदित्य ने कहा कि विस और लोस के एक साथ चुनाव होने से विधायकों, सांसदों की खरीद फरोख्त रुकेगी। खर्च भी कम होगा, बार-बार आचार संहिता लगने से विकास भी नहीं रुकेगा। एक ही बार सरकारी कर्मचारी, जवान, शिक्षक चुनावी ड्यूटी देंगे। इससे छात्रों का भी भला होगा। इस पर विवेक ने कहा कि पब्लिक है सब जानती है.. अंदर क्या हे बाहर क्या है। अलग-अलग चुनाव होने से राजनेताओं की जवाबदेही नहीं रह जाएगी। देश में क्षेत्रीय दल खत्म होंगे, दो दलिया राजनीतिक व्यवस्था हो जाएगी। क्षेत्रीय मुद्दे नहीं रहेंगे। किसी राज्य में राष्ट्रपति शासन लगने पर सालों चुनाव का इंतजार कैसे होगा। उन्होंने वन नेशन टू पोल का फामूर्ला भी सुझाया। इसमें लोस के अलग, विस के एक साथ चुनाव करवाने का सुझाव दिया। अंत जब जब चुनाव आएगा, गरीब के पेट में फु लाव आएगा से अपनी बात समाप्त की।
आरकेएमवी के मुुस्कान आनंद और सिमरन ठाकुर दूसरे और ठियोग कॉलेज की अंजलि और ज्योति ने तीसरा पुरस्कार हासिल किया। संजौली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीबी मेहता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में डॉ. रूपलाल शर्मा बतौर वशिष्ठ अतिथि मौजूद रहे। मेहता ने विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मेजबान संजौली कॉलेज की टीम में शामिल रहे राहुल और भगत सिंह, सुन्नी कॉलेज की टीम के सदस्य नीतिका और दीपिका को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में शिक्षक डॉ. इंद्र सिंह ठाकुर, डॉ. रामलाल और डॉ. रविंद्र चौहान ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
आयोजन से बढ़ेगा छात्रों का आत्मविश्वास
शिमला। मुख्यातिथि डॉ. सीबी मेहता ने अमर उजाला के इस प्रयास की सराहना की। कहा कि इससे कॉलेजों में पढ़ रहे छात्रों को समसामयिक विषयों को समझने और प्रभावी ढंग से उठाने में मदद मिलेगी। इससे छात्रों का आत्म विश्वास भी बढ़ेगा। मुख्यातिथि ने विजेताओं के अलावा इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले डिग्री कॉलेज धामी सोलह मील की मनीषा और महिमा, चैल कोटी कॉलेज की छात्रा ज्योति और उपासना, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट आफ लीगल स्टडीज की टीम में शामिल शिभांश और ईशानी को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।