कोरोना वायरस के चलते देश में लगे लॉकडाउन के बीच लोगों का मूड ठीक करने के लिए सोशल मीडिया पर इन दिनों साड़ी चैलेंज, पुरानी फोटो, कॉफी और रेसिपी बनाने के चैलेंज ट्रेंड कर रहे हैं। इन सबके बीच नगर निगम की भाजपा पार्षद किमी सूद ने सोशल मीडिया पर एक अनूठा चैलेंज शुरू किया है। इस चैलेंज के बाद शहर में कई लावारिस कुत्तों को खाना मिलना शुरू हो गया है।
शहर में दो हजार से अधिक लावारिस कुत्ते हैं। कर्फ्यू के कारण कई दिन से इन कुत्तों को खाना मिलना बंद हो गया है। कई जगह तो लोग और कारोबारी लावारिस कुत्तों को खाना बांट रहे हैं, लेकिन कई कालोनियों में कुत्तों की हालत बदतर हो गई है। कुत्ते भूख से मरने लगे हैं। भूखे कुत्ते हिंसक भी हो रहे हैं। इसे देखते हुए बैनमोर वार्ड से भाजपा पार्षद किमी सूद ने सोशल मीडिया पर अपने कई दोस्तों को चैलेंज दिया कि वह लावारिस कुत्तों को खाना खिलाते हुए अपने फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करें।
इसका असर यह होने लगा कि पार्षद की फ्रेंडलिस्ट में शामिल कई लोगों ने इसे शुरू कर दिया। पार्षद किमी सूद ने बताया कि साड़ी चैलेंज और रेसिपी चैलेंज मूड रखने के लिए तो ठीक है, लेकिन हमने ऐसी पहल से जुड़ने की कोशिश की है जिससे किसी की मदद हो सके।
कहा कि उनकी बेटी पशु प्रेमी है और इस चैलेंज के बाद वह नियमित अपने मोहल्ले के लावारिस कुत्तों को खाना खिला रही है। सोशल मीडिया पर उन्होंने जिन्हें चैलेंज दिया था, वे अब इसे आगे बढ़ा रही हैं। कहा कि शहर के बाकी लोग भी इस चैलेंज का हिस्सा बनें और लावारिस कुत्तों को इन दिनों खाना मुहैया करवाएं।
फागली वार्ड में एक बुजुर्ग कारोबारी जगदीश राय ने अपने छह साल के पोते मनन के छठे जन्मदिन पर शनिवार को इलाके के 31 गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त राशन बांटा। इस दौरान स्थानीय पार्षद जगजीत सिंह बग्गा मौजूद रहे। कारोबारी ने कहा कि केक काटने से अच्छा है कि इन दिनों गरीबों की मदद की जाए।