नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी 29 अप्रैल को धर्मशाला में प्रस्तावित चुनाव समिति की बैठक में प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सहित अन्य वरिष्ठ नेता धर्मशाला पहुंचेंगे। शाम 6:00 बजे होने वाली बैठक में चारों नगर निगमों के उम्मीदवारों पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है। 30 अप्रैल को जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी के धर्मशाला दौरे को देखते हुए कांग्रेस नेतृत्व एक दिन पहले ही प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी करना चाहता है। इसके लिए धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगम चुनावों के लिए नियुक्त प्रभारी और ऑब्जर्वर अपनी-अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे, जिसके आधार पर टिकट आवंटन किया जाएगा। इस बीच, संबंधित क्षेत्रों में प्रभारी मंत्रियों ने भी गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोलन का जिम्मा संभाल रहे उद्योग मंत्री ने सोमवार को सोलन में बैठक कर फीडबैक लिया, जबकि मंडी के प्रभारी विक्रमादित्य सिंह भी क्षेत्र में सक्रिय हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सोलन नगर निगम के उम्मीदवारों की घोषणा भी इसी बैठक में होगी, जबकि पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम के प्रत्याशियों की पहली सूची मंगलवार को जारी होने की संभावना जताई जा रही है।