अनुबंध से नियमित अध्यापक संघ जिला सिरमौर ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से डीपीई के पद सृजित करने के साथ-साथ खाली पदों को भरने की मांग की है। इस सिलसिले में संघ के पदाधिकारी हिमाचल दिवस के मौके पर नाहन में आयोजित जिलास्तरीय समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री से मिले। संघ के जिला अध्यक्ष नरेश शर्मा ने बताया कि प्रदेश के 400 से अधिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में डीपीई के पद सृजित ही नहीं किए गए हैं। इससे बच्चे खेलकूद जैसी अहम गतिविधियों में पिछड़ रहे हैं।
जबकि, 122 के करीब डीपीई के पद रिक्त चले हुए हैं। उन्होंने मांग की है कि इन पदों को तुरंत भरने के साथ-साथ पाठशालाओं में पद भी सृजित किए जाएं। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले दो वर्षों से 180 पीटीआई (शारीरिक शिक्षकों) की पदोन्नति रुकी हुई है। जहां हर वर्ष सभी वर्गों के अध्यापकों की पदोन्नति होती है, वहीं शारीरिक शिक्षक वर्ग की विभाग की ओर से पदोन्नति नहीं हो रही है। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री ने संघ के पदाधिकारियों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि इन्हें जल्द कैबिनेट में लाया जाएगा और 400 से अधिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में भी डीपीई के पद सृजित किए जाएंगे।