बचत भवन में आयोजित बैठक में अधिकारियों को लगाई फटकार, काम पूरे करने के निर्देश
पानी के अधिक बिल आने का मामला भी गरमाया
स्मार्ट सिटी कार्यों पर एमसी से तलब की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 315 करोड़ मिलने के बावजूद अभी तक 213 करोड़ रुपये ही खर्च हो पाए हैं। यह बात सांसद सुरेश कश्यप ने बचत भवन में जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में कही। कहा कि काम सुस्त गति से चल रहे हैं, इनकी गति बढ़ाई जाए। सुरेश कश्यप ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर निगम के अधिकारियों से स्मार्ट सिटी के कार्यों की रिपोर्ट भी मांगी। कहा कि इस विषय पर जल्द अलग से बैठक होगी।
बैठक में शिमला में पानी के भारी बिलों का मामला भी गरमाया। सदस्यों ने बताया की कई लोगों के 10 हजार से ज्यादा बिल आ रहे हैं। सुरेश कश्यप ने इसे गंभीरता से निपटाने को कहा। कश्यप ने पूछा की 2016-17 के तहत 42 में से अभी तक 32 घर बने हैं। 10 क्यों नहीं बन पाए? उन्होंने एमपी लैंड की समीक्षा करते हुए रिपोर्ट मांगी। कहा कि 15वीं लोकसभा के 5 और 16वीं लोक सभा के 103 काम अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। यदि काम पूरे नहीं हुए तो पैसा वापस करना चाहिए। बैठक में ठियोग विस क्षेत्र के विधायक राकेश सिंघा, डीसी आदित्य नेगी, एसपी डॉ. मोनिका भटुंगरू, महापौर सत्या कौंडल, एमसी आयुक्त आशीष कोहली और उपनिदेशक डीआरडीए संजय भगवती मौजूद रहे।
काम पूरे नहीं हुए तो पैसा वापिस करे
लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने बताया की जिला शिमला में 2730.43 किलोमीटर की सड़क पक्की बन चुकी है। महकमे में सीआरएफ के 4 प्रोजेक्ट चल रहे हैं। इसमें कॉम्बरमेर नाला प्रोजेक्ट पर अभी तक काम नहीं चल पाया है। चौपाल स्पैन ब्रिज का प्रोजेक्ट पूरा हो चुका है। उन्होंने जल शक्ति विभाग को लंबित पड़ी योजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मा निर्भर निधि के तहत 305 लाभार्थियों को 10 हजार की राशि स्वीकृत की गई।
बालूगंज और नाभा में बनेंगे टैंक
एमसी के अधिकारियों ने बैठक में बताया कि गिरी के प्रोजेक्ट को हाई राइज में परिवर्तित किया जाएगा। 24 घंटे पानी मिलने के लक्ष्य से संजौली में पायलट प्रोजेक्ट चलेगा। इसके साथ ही नाभा, बालूगंज में एक लाख एमएलडी की क्षमता वाले जल भंडारण टैंक बनेंगे।
सुरेश कश्यप ने बताया की हर घर नल योजना में हिमाचल देश भर में नंबर वन चल रहा है और जल्द प्रदेश में इस योजना का टारगेट पूरा होगा।