धर्मशाला में 19 मार्च को होने वाले टी 20 वर्ल्ड कप के भारत पाकिस्तान के विरोध में हिमाचल की राजनीति में लेटर बम की सियासत शुरू हो गई है। मैच के विरोध में सबसे पहले झंडा बुलंद करने वाले भाजपा सांसद एवं पार्टी के
मार्गदर्शक मंडल के सदस्य शांता कुमार ने व्यापम घोटाले पर मोदी सरकार को घेरने के बाद अब धर्मशाला में भारत पाक मैच को रद्द कराने के लिए पीएम को पत्र लिखकर दूसरी बार अपनों के ही खिलाफ लेटर बम फोड़ दिया है।
व्यापम घोटाले पर शांता के लेटर बम से मोदी सरकार की देश भर में किरकिरी हुई थी। अब दूसरे लेटर बम में भारत पाक मैच का विरोध का मुद्दा लगातार सुलघता जा रहा है। सियासत की आग में उनकी अपनी ही पार्टी के नेता बीसीसीआई सचिव एवं भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर झुलस रहे हैं।
जबकि अनुराग भी मैच को कथित प्रतिष्ठा का सवाल बनाकर धर्मशाला में ही मैच कराने पर अड़े हुए हैं। मोदी को शांता के पत्र के बाद बिना देर किए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया ने भी पीएम और गृह मंत्रालय को पत्र लिखकर धर्मशाला में भारत पाक रद्द कराने को लेकर विरोध का झंडा बुलंद कर दिया है।
राजनीतिक जानकार मान रहे हैं कि भारत पाक मैच का विरोध व्यक्तिगत महत्वकांक्षाओं में बंट गया है। शांता, वीरभद्र सिंह, मनकोटिया, राकेश पठानिया समेत कई नेताओं ने अभी तक सिर्फ धर्मशाला में ही भारत पाक मैच का विरोध जताया है। ये नेता यह कह रहे हैं कि धर्मशाला के अलावा भारत के किसी भी स्टेडियम में भारत पाक मैच करवा लो।
लेकिन, यहां सवाल उठता है कि आतंकी हमलों में शहीद सिर्फ हिमाचल के ही नहीं बल्कि पूरे देश भर के इलाकों से हुए हैं। तो हिमाचल के नेता भारत पाक मैच को दूसरे राज्यों में करवाने की हामी क्यों भर रहे हैं,क्या दूसरे राज्यों में शहीदों के परिवारों की भावनाएं आहत नहीं होंगी, सियासी गलियारों में यह सवाल भी उठ रहा है।