हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र की नीतियों को हिमाचल सरकार लागू नहीं कर रही है। यही वजह है कि केंद्र से आ रही विकास योजनाएं शुरू नहीं हो पा रही हैं। पंजाब के नया नंगल तथा विभौर साहिब में भाजपा-अकाली प्रत्याशी डॉ. परमिंदर शर्मा के समर्थन में चुनावी जनसभाओं में अनुराग ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।
पूर्व की यूपीए सरकार के समय हर रोज नया घोटाला सामने आता था। कालेधन पर बोले - नोटबंदी से अगर सबसे ज्यादा परेशान दिखे तो वे राहुल गांधी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल हैं। देश की गरीब जनता ने नोटबंदी का खुले दिल से समर्थन किया। आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस गुरुओं की धरती पंजाब के मेहनतकश नौजवानों को नशेड़ी बताकर दुनिया में बदनाम करने में लगे हैं।
मां नयनादेवी तथा गुरु साहिब का आशीर्वाद डॉ. परमिंदर शर्मा के साथ है। भाजपा-अकाली प्रत्याशी डॉ. परमिंदर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने आनंदपुर साहिब चुनाव हलके की जनता से जो भी वायदे किए, आज तक पूरे नहीं किए। पीएनएफसी कारखाने पर कर्मियों को भरोसा दिलाते हुए बोले - इस कारखाने को बंद नहीं होने दिया जाएगा।
सस्ते राशन में दो किलो देसी घी भी देंगे। नया नंगल के सेक्टर-2 में चुनाव सभा में भाजपा अकाली प्रत्याशी डॉ. परमिंदर शर्मा ने कहा कि भाजपा-अकाली गठजोड़ के चुनाव घोषणा पत्र में सस्ते राशन का वादा है ही साथ ही पंजाब के परिवारों को दो किलो देसी घी भी दिया जाएगा। विधायक रणधीर शर्मा, विक्रम ठाकुर, रामकुमार, जगदेव सिंह, कुलभूषण पुरी, राजेश चौधरी, जिप सदस्य पंकज सहोड़ आदि मौजूद रहे।