सड़क पर आज से चलेंगी बसें, हजारों लोगों को मिलेगी राहत, फोरलेन टनल निर्माण के चलते चलौंठी में दरक गई थी सड़क
विज्ञापन
दरारों आने के बाद नौ जनवरी से बंद थी यह सड़क
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी की संजौली-ढली बाईपास सड़क मंगलवार से बसों समेत सभी बड़े वाहनों के लिए भी बहाल हो जाएगी। नौ जनवरी से बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए बंद की गई इस सड़क को जिला प्रशासन ने मंगलवार से पूरी तरह से बहाल करने का फैसला लिया है।
अभी तक इसे छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए ही सड़क को खोला था। अब स्थानीय लोगों की मांग और एनएचएआई की रिपोर्ट के बाद इस सड़क को बसों की आवाजाही के लिए भी बहाल करने का फैसला लिया गया है। जिला प्रशासन ने पुलिस विभाग को इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। फोरलेन टनल के निर्माण के चलते बाईपास सड़क पर चलौंठी के पास नौ जनवरी को कुछ रिहायशी मकानों में दरारें आ गईं थीं। बाईपास सड़क की नालियों में भी हल्की दरारें आ गई थीं। इसके बाद इस सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया था। जिला प्रशासन के निर्देश पर एनएचएआई ने मौके पर धंस रही जमीन को मजबूती देने का काम किया है। भूविज्ञानी की रिपोर्ट और एनएचएआई के काम के बाद जिला प्रशासन ने हाल ही में इस सड़क को छोटे वाहनों के लिए बहाल किया था। अब मंगलवार से इसे बड़े वाहनों के लिए भी खोला जा रहा है। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि ढली संजौली बाईपास सड़क सभी तरह के वाहनों के लिए खोल दी गई है।
संजौली बाजार में जाम से मिलेगी राहत संजौली-ढली बाईपास सड़क बहाल होने से अब संजौली बाजार में लग रहे यातायात जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। अभी सभी वाहन संजौली बाजार से रवाना हो रहे थे। इसके अलावा ऊपरी शिमला से आवाजाही करने वाले हजारों लोगों को भी राहत मिलेगी। इन्हें अभी बसों से वाया भट्ठाकुफर होकर शिमला पहुंचना पड़ रहा था। इससे लोगों खासकर आईजीएमसी अस्पताल आने वाले मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।