अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लंबित मांगों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन कर रही पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर जिला मुख्यालयों में चल रहे धरना-प्रदर्शन के तहत सोमवार को भी शिमला जिला पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति की इकाई ने धरना-प्रदर्शन जारी रखा।
मंगलवार को अंतिम दिन भी पेंशनर्स का धरना जारी रहेगा। इसके बाद प्रदेश समिति के आह्वान पर जिला शिमला से पांच सौ से अधिक पेंशनर्स धर्मशाला में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय विधानसभा घेराव में भाग लेंगे। जिला समिति ने सभी पेंशनर्स से राजधानी शिमला में चल रहे धरने के अंतिम दिन अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि मंगलवार को विधानसभा घेराव को लेकर जिला समिति अपनी रणनीति और तैयारियों पर चर्चा करेगी। जिला संयोजक मोहन ठाकुर ने शिमला जिले के सभी खंडों के प्रधानों और महासचिवों से धर्मशाला विधानसभा घेराव में जाने वाले पेंशनर्स की सूची समय पर उपलब्ध करवाने को कहा है। प्रदेश समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम शर्मा ने कहा कि राजधानी के सीटीओ कार्यालय के पास चल रहे धरने के पांचवें दिन नगर निगम निकायों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इनमें सुखदेव मट्टू, विजय कुमार, राजेंदर कुमार, अश्वनी कुमार, सुरेश कुमार, जोगिंदर पाल, जसवंत, भगवान दास, पाली राम और सेवक राम धरने पर बैठे। हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त समिति के प्रेस सचिव लायक राम शर्मा ने बताया कि नगर निगम निकायों के पेंशनर्स के लिए 18 अगस्त को चतुर्थ श्रेणी से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को बीस हजार रुपये देने की अधिसूचना जारी की थी लेकिन यह राशि आज तक नहीं मिली है।
उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को न तो संशोधित लीव एनकैशमेंट और ग्रेच्युटी का भुगतान किया है और न ही कम्यूटेशन की राशि मिली है। इसके अलावा उन्हें 13 प्रतिशत डीए भी नहीं दिया है। सरकार ने एरियर के भुगतान को लेकर भी अब तक अधिसूचना जारी नहीं की है। पेंशनर्स का 194 माह का एरियर बकाया है। उन्होंने सरकार से इन सभी देनदारियों का तुरंत भुगतान करने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में जिला समिति के पदाधिकारी मोहन ठाकुर, गंगा राम शर्मा, गुलाब ठाकुर, पीएन भारद्वाज, रमेश ठाकुर, रतन वर्मा, सत्य प्रकाश वर्मा, मोहन दास, शिमला शहरी अध्यक्ष मदन शर्मा, महासचिव सुभाष वर्मा, प्रेम प्रकाश खाची, नरेश कुमार, राम स्वरूप, तारा चंद, तारा दत्त शर्मा, टुटू ब्लॉक की उपाध्यक्ष शीला शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा और राजेंदर सूद शामिल हुए।