पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामला
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के बहुचर्चित पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच तेज कर दी है। ऐसे में केंद्रीय एजेंसी जल्द गिरफ्तारियां शुरू कर सकती है। मामले में तीन एफआईआर दर्ज हो गई हैं। सीबीआई परीक्षा कराने वाली कमेटी, प्रिंटिंग कमेटी और जिन अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पेपर मिला है, उनसे पूछताछ कर रही है। सीबीआई ने पूर्व में मामले की जांच कर रही पुलिस एसआईटी से भी अतिरिक्त रिकॉर्ड मांगा है। गौरतलब है कि तत्कालीन
भाजपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस कांस्टेबल के 1334 पदों के लिए भर्ती प्रकिया शुरू हुई थी। इसके तहत बीते वर्ष 27 मार्च को राज्य में स्थापित किए गए 81 केंद्रों में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद 5 अप्रैल को परिणाम घोषित किया गया था। इसी बीच 5 मई को पेपर लीक होने का मामला सामने आया। ऐसे में 6 मई को तत्कालीन मुख्यमंत्री ने परीक्षा रद्द कर पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) को जांच सौंपी। पुलिस और सीआईडी ने मामले दर्ज किए तो 31 मई को पांच आरोपियों की पहली बार गिरफ्तारियां की गईं।