रोड शो के दौरान लोगों ने फूल बरसाकर किया प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत
मालरोड से वाया सीटीओ, डाकघर होते हुए रिज पर मिली एंट्री
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। रिज मैदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला। रैली में शामिल होने के लिए अन्य जिलों से बसों में सवार होकर शिमला पहुंचे हजारों लोग मंगलवार सुबह 7:00 बजे से ही रिज और मालरोड पहुंचना शुरू हो गए थे।
कई लोगों के हाथों में पीएम मोदी के कटआउट थे तो कई फूलों के बैग उठाए हुए थे। रैली स्थल पर पहुंचने के लिए मालरोड से वाया सीटीओ, डाकघर, स्कैंडल प्वाइंट होते हुए रिज मैदान पर एंट्री दी गई। सुबह 8:30 बजे तक स्कैंडल प्वाइंट और लक्कड़ बाजार के एंट्री प्वाइंट पर लोगों की लाइनें लगना शुरू हो गईं। 9:00 बजे तक शहर के बाजार लगभग खाली रहे। लोअर बाजार और मालरोड पर ज्यादातर दुकानें बंद थीं। मोदी के रोड शो के दौरान उनके स्वागत के लिए खास तौर पर गुलाबी फूल मंगवाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस जवानों ने फूलों के बैग चेक किए। सैकड़ों लोग मालरोड पर बेरिकेड के साथ खड़े हो गए।
सुबह 10:35 बजे पीएम मोदी के शिमला पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीटीओ चौक से रिज मैदान के लिए लोगों की एंट्री बंद कर दी। 10:58 बजे पीएम का काफिला अभी विधानसभा के पास पहुंचा ही था कि मालरोड पर लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत में नारेबाजी शुरू कर दी। पीएम मोदी के मालरोड पर रोड शो के दौरान लोगों ने उन पर फूल बरसाए। लोग सेल्फियां लेते और वीडियो बनाते नजर आए।
मोदी को अपने बीच पाकर खुश हुए लोग
पीएम मोदी मालरोड पर स्कैंडल प्वाइंट से रोटरी टाउन हॉल तक पैदल चले। इस दौरान उन्हें देखने आए लोग काफी खुश दिखे। लोगों ने भी हाथ हिलाकर और नारेबाजी कर पीएम का स्वागत किया। सिरमौर से बस में आए मनीराम, बाबूराम, माधोराम, देवेंद्र कुमार ने कहा कि मोदी को पहली बार इतने करीब से देखा। उनका शिमला आना सफल हो गया।