एचएएस अफसर पत्नी से मारपीट के आरोपों में घिरे धर्मशाला से भाजपा विधायक विशाल नैहरिया के मामले में राज्य महिला आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने एसपी कांगड़ा से एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तलब की है। महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर ने कहा कि मामले में अभी कोई शिकायत नहीं आई, लेकिन आयोग इस मामले पर नजर रखे हुए है। उधर, आरोपों के दूसरे दिन शनिवार को विधायक नैहरिया ने पुलिस के बजाय सोशल मीडिया पर अपना बयान जारी किया है। अपने सोशल मीडिया ग्रुप पर नैहरिया ने कहा कि उन्होंने एसपी कांगड़ा के समक्ष अपना पक्ष रखा है। बयान में नैहरिया ने आरोप जड़ा कि उनकी पत्नी उनके परिवार पर कई तरह के मानसिक दबाव डाल रही है।
इस पर उन्हें समझाने की भी कोशिश की, लेकिन उन्होंने घर की बात को घर पर रखना उचित नहीं समझा। वहीं, एसपी कांगड़ा विमुक्त रंजन ने कहा है कि पुलिस ने अभी तक किसी को नहीं बुलाया है। प्रदेश में सुर्खियों में बने विधायक और उनकी पत्नी सोशल मीडिया पर छाए रहे। कुछ लोगों ने ओशिन शर्मा के वीडियो और अन्य समाचारों को पीएमओ तक को टैग कर दिया है। उधर, कांग्रेस समेत कई संगठनों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की है, वहीं युवा कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने धर्मशाला में विधायक नैहरिया को चूढ़ियां दिखाते हुए प्रदर्शन किया।
सरकार नहीं डालेगी दबाव, पुलिस करेगी अपना काम : रणधीर
इस मामले में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। विधायक की पत्नी ने लिखित रूप में शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस जवाब देगी कि अब तक मामला दर्ज क्यों नहीं हुआ। सरकार मामले को दबाने या छिपाने के लिए किसी तरह का कोई प्रयास नहीं करेगी। पुलिस अपना काम करेगी।