मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हमीरपुर दौरे के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था चौपट नजर आई। लंबे यातायात जाम में सैकड़ों लोग परेशान होते रहे। रविवार को दोपहर 12:40 बजे मुख्यमंत्री हमीरपुर के पक्का भरो से अपने गृह क्षेत्र नादौन के लिए रवाना हुए। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से हमीरपुर-नादौन मार्ग पर जगह-जगह सीएम के स्वागत कार्यक्रम रखा गया था। मुख्यमंत्री के काफिले के पीछे तीन लेयर में गाड़ियां चलने से नादौन से हमीरपुर की तरफ रूटीन में आने वाले वाहन चालक जाम में फंसने से काफी परेशान हुए।
ट्रैफिक प्लान के अभाव में हमीरपुर के पक्का भरो से लेकर रंगस पुल तक दोपहर 12:40 बजे से लेकर शाम तीन बजे तक एनएच पर वाहन रेंगते नजर आए। हमीरपुर-नादौन राष्ट्रीय राजमार्ग पर रंगस तक महज 12 किलोमीटर के सफर को तय करने में वाहन चालकों को 2 घंटे से अधिक का समय लग गया। अव्यवस्था का शिकार हुए वाहन चालक जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को कोसते नजर आए। दो दर्जन बसें घंटों जाम में फंसी रहीं। इसके अलावा सैकड़ों निजी वाहन चालक भी ट्रैफिक अवस्था के शिकार हुए। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री के हमीरपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन को उचित ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए थे। ट्रैफिक प्लान में कमी को लेकर जिला प्रशासन से बात की जाएगी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए थी।