सोशल मीडिया में अभद्र भाषा का प्रयोग करने को लेकर हिमाचल के कांग्रेस नेता व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए भाजपा कोर्ट पहुंची है। वीरवार को भाजयुमो जिला अध्यक्ष पाल वर्मा ने मंडी कोर्ट में केस दर्ज करने को 156 के तहत आवेदन किया है।
भाजपा लॉ एंड लीगल अफेयर कमेटी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र गुलेरिया तथा भाजयुमो जिलाध्यक्ष पाल वर्मा ने प्रेसवार्ता में कहा कि पिछले कई महीनों से सरकार के सीपीएस नीरज भारती सोशल मीडिया पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य भाजपा नेताओं पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर पोस्टें डाल रहे हैं।
कहा कि जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग नीरज भारती सोशल मीडिया कर रहे हैं, उससे तो यही लगता है कि वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। उन्होंने कोर्ट में दिए आवेदन में गुहार लगाई है कि जल्द नीरज भारती के खिलाफ सदर पुलिस थाना में धारा-156 के तहत मामला दर्ज किया जाए। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह, मीडिया प्रभारी पंकज शर्मा, द्रंग मंडल महामंत्री संजय ठाकुर भी मौजूद रहे।