पूर्व मंत्री किशन कपूर ने मंगलवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू) मामले पर एक बार फिर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर हमला बोला। उन्होंने सीएम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि देहरा और धर्मशाला में सीयू की स्थापना को लेकर 2013 में खुद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने तत्कालीन केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री को पत्र लिखा था।
इसमें सीएम ने वन भूमि को केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम पर हस्तांतरित करने के लिए निवेदन किया था। कपूर ने इसका बाकायदा मुख्यमंत्री की ओर से तत्कालीन केंद्रीय मंत्री को लिखे गए पत्र की कॉपी को भी दिखाया।
जवाब में जवाली दौरे के दौरान अनौपचारिक बातचीत में सीएम ने कहा कि पूर्व मंत्री किशन कपूर ने जिस पत्र का जिक्र किया है, ऐसा कोई पत्र उन्होंने वर्ष 2013 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री को भेजा ही नहीं था। सीएम ने कहा कि केंद्रीय विवि पर भाजपा राजनीति करने में लगी हुई है।