पार्किंग को सुंदर बनाने के लिए की गई है चित्रकारी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के बैनमोर वार्ड के लोगों को नई पार्किंग की सुविधा मिल गई है। मरीना होटल के पास नगर निगम की ओर से तैयार की गई इस नई पार्किंग का शहरी विधायक हरीश जनारथा ने रविवार को उद्घाटन किया। इस मौके पर नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान और उपमहापौर उमा कौशल भी मौजूद रहे।
बीते साल बरसात में इस जगह भूस्खलन हो गया था। निगम ने यहां डंगे लगाकर न सिर्फ भवनों को बचाया बल्कि पार्किंग भी तैयार कर दी। शहरी विधायक जनारथा ने कहा कि बाकी वार्डाें में भी खाली पड़ी जमीन पर पार्किंग और अन्य सुविधाएं देने के लिए पार्षद प्रस्ताव तैयार करें। इसके लिए नगर निगम और सरकार मदद करेंगे। कहा कि विधायक निधि से भी शिमला शहर में करोड़ों रुपये के काम चल रहे हैं। इस वित्तीय वर्ष में कई और नए प्रस्तावों के लिए पैसा जारी किया जाएगा। नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि इस पार्किंग को सुंदर बनाने के लिए यहां चित्रकारी भी की है। शहर की बाकी पार्किंग को भी इसी तर्ज पर सुंदर बनाने का प्रयास रहेगा। इससे पहले वार्ड पार्षद शीनम कटारिया ने विधायक और मेयर का स्वागत किया। साथ ही वार्ड में चल रहे कामों की जानकारी दी। करीब 15 वाहनों की यह पार्किंग रविवार को ही बुक हो गई। स्थानीय लोगों ने इसमें गाड़ी खड़ी करने के लिए नगर निगम को आवेदन भी कर दिया है।