अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के संजौली में सड़क और रास्ते पर सामान बेचने वाले तहबाजारियों को हटाने पहुंची नगर निगम टीम को स्थानीय लोगों का विरोध झेलना पड़ा। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल निगम की टीम बाजार में बिना अनुमति सामान बेचने वालों पर कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए कि करीब छह महीने पहले नगर निगम और सरकार ने शहर के लिए तहबाजारी नीति लाने का दावा किया था। लेकिन आज तक वह नीति नहीं आई। रिज, मालरोड पर तो नगर निगम तहबाजारियों पर कोई कार्रवाई नहीं करता, लेकिन संजौली जैसे उपनगर में कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने धर्म विशेष के लोगों को न हटाने पर भी सवाल उठाए। हालांकि निगम का कहना है कि अवैध रूप से बैठे सभी तहबाजारियों को हटाया जा रहा है। ब्यूरो