चंबा जिले की सरोल पंचायत में शरारती तत्वों ने धार्मिक स्थलों में तोड़फोड़ कर इलाके में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की है। धार्मिक पुस्तक के फटे पन्ने व टूटा माइक झाड़ियों में मिले। वहीं शिव मंदिर को भी शरारती तत्वों ने निशाना बनाकर मूर्तियों से तोड़फोड़ की।
त्रिशूल मंदिर के नजदीक सड़क पर फेंके गए थे। सोमवार रात की घटना का पता मंगलवार की सुबह चला जिसके तुरंत बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। दोनों समुदायों के लोगों ने इसे माहौल बिगाड़ने की साजिश बताकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह की नमाज अता करने मस्जिद पहुंचे तो माइक गायब था। नमाजियों ने गड़बड़ी के शक पर जब गौर से देखा तो मस्जिद से धार्मिक पुस्तक भी गायब मिली।
आसपास के इलाके को खंगालना शुरू किया तो मस्जिद से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में धार्मिक पुस्तक के फाड़े हुए पन्ने और टूटा हुआ माइक भी मिल गया। इसी दौरान किसी ने फोन पर बताया कि इसी पंचायत के शिव मंदिर में भी शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ की है।
मूर्तियां बिखरी हुईं पाई गईं
मंदिर में तोड़फोड़ की वजह से मूर्तियां बिखरी हुईं पाई गईं। मंदिर में स्थापित शिवलिंग रावी नदी के किनारे से बरामद हुआ जबकि त्रिशूल सड़क पर फेंके गए थे।
धार्मिक स्थलों पर शरारती तत्वों की इस हरकत की सूचना मिलने पर एएसपी वीरेंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। मामला दर्ज कर अब शरारती तत्वों की तलाश की जा रही है।
घटना को अंजाम देने वालों की हो रही तलाश
एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि सरोल पंचायत में मस्जिद व मंदिर में तोड़ फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे।
धार्मिक भावनाएं आहत करने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई : मोहम्मद सलीम
गौसिया धार्मिक स्थल (सरोल) के अध्यक्ष मोहम्मद सलीम ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें घटना की सूचना मंगलवार सुबह फोन से मिली। पुलिस को फौरन सूचित कर दिया गया। पुलिस को चाहिए कि ऐसी जघन्य वारदात को अंजाम देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित हो।
शरारती तत्वों पर हो सख्त कार्रवाई: विनय शर्मा
ब्राह्मण प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने कहा कि सरोल पंचायत में इस प्रकार की घटना को अंजाम देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। जिले में सभी धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। ऐसी घटना माहौल बिगाड़ने की साजिश है जिसे लेकर पुलिस को सख्त कार्रवाई की मिसाल पेश करनी चाहिए।