चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खुशनगरी के सगलोगा में शरारती तत्वों ने चुनाव प्रचार के लिए निकले नेताओं और उनके समर्थकों की गाड़ियों के शीशे तोड़े हैं।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत खुशनगरी के सगलोगा में शरारती तत्वों ने चुनाव प्रचार के लिए निकले नेताओं और उनके समर्थकों की गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले। ये गाड़ियां कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार यशवंत खन्ना के समर्थकों की थीं। चुराह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार यशवंत खन्ना ने खुद इस बात को मीडिया पर उजागर किया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उनके समर्थकों को डराया धमकाया गया है जिसे लेकर उन्होंने तीसा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
विज्ञापन
शरारती तत्वों ने तीन गाड़ियों के शीशे तोड़े हैं। जबकि कुछ अन्य को भी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हम क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से लोगों से मिलने के साथ चुनाव प्रचार में जुटे हैं लेकिन दूसरी ओर कुछ शरारती तत्वों की ओर से गुंडाराज की रणनीति अपनाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है जो निंदनीय है। थाना प्रभारी तीसा मनोज कुमार ने कहा कि गाड़ियों की तोड़फोड़ को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गाड़ियों की तोड़फोड़ करने वालों की तलाश की जा रही है।