हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय नवंबर माह में अपना दीक्षांत समारोह मनाएगा। समारोह में केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री समृति जुबीन ईरानी होनहार छात्रों को सम्मानित करेंगी। उन्होंने विवि की ओर से भेजे न्यौते को स्वीकर कर लिया गया है।
इस बार विवि से पीपी और पीएचडी की उपाधियां क्रेंदीय मंत्री के हाथों भेंट की जाएंगी। समारोह की संभावित तिथि 24 नंवबर है। इसी रोज विवि के कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी का छह माह का बढ़ाया कार्यकाल भी समाप्त होगा।
विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा सहित सभी विभागों को दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर दिशा निर्देश दिए जा चुके है, और इस पर काम भी शुरू हो चुका है। इसके साथ ही विवि के दीक्षांत समारोह में आने वाले हस्तियों की सूची में एक और नाम शामिल हो जाएगा।
तैयार की जा रही है छात्रों की लिस्ट
विश्वविद्यालय के इस 22वें दीक्षांत समारोह में कितने छात्रों को डिग्रीयां दी जाने है, इसको लेकर परीक्षा शाखा ने काम करना शुरू कर दिया है। डिग्रीयों को बनाने और इसके आधार गोल्ड मेडल और पीएचडी डिग्री बनाने का कार्य शुरू हो चुका है।
परीक्षा नियंत्रक ने अपने संबंधित विभागों को इस संदर्भ में आवश्यक दिशा निर्देश भी दे दिए है। वहीं विवि के समान्य प्रशासन को भी इस संदर्भ में तैयारियों को दिशा निर्देश मिले है।
दीक्षांत समारोह में यूजी, पीजी कक्षाओं के साथ ही एम फिल के मेरिट में रहने वाले छात्रों को गोल्ड मेडल और सभी विभागों के पीएचडी की डिग्री पूरी कर चुके छात्रों को अलंकृत किया जाना है।
अब तक समारोह में आ चुकी हैं ये हस्तियां
विश्वविद्यालय के अब तक हुए दीक्षांत समारोह में भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी तीन बार आए है। एक बार बतौर राष्ट्रपति और दो बार केंद्रीय वित्त मंत्री के नाते उन्होंने विवि आ कर छात्रों को डिग्रीयां देकर सम्मानित किया है।
बीते वर्ष दीक्षांत समारोह में धर्म गुरू और शांति के लिए नोबल पुरस्कार विजेता दलाई लामा ने होनहारों को सम्मानित किया था। वहीं, यूजीसी के पूर्व चेयरमैन प्रो. यशपाल, मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी जैसी हस्तियां समारोह में शिरकत कर चुकी हैं।
इसके अलावा केंद्र में शिक्षा मंत्री रहे नूर हसन, उप राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा भी दीक्षांत समारोह में शिरकत कर चुके है।
24 नवंबर को पूरा होगा कुलपति का कार्यकाल
दीक्षांत समारोह के लिए प्रस्तावित 24 नवंबर की तिथि को ही वर्तमान कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी का सेवा विस्तार का कार्यकाल पूरा होगा। 24 मई को उनके तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें प्रदेश सरकार ने छह माह का सेवा विस्तार दिया था।
एक ही तिथि को दीक्षांत समारोह, उसमें मुख्यातिथि केंद्रीय मंत्री और कुलपति के सेवा विस्तार का कार्यकाल पूरा होने को लेकर विवि में चरचा का बाजार गर्म है। इसे कुलपति की दूसरी पारी से जोड़ कर देखा जा रहा है।
21 अक्तूबर को भी हो सकता है समारोह
दीक्षांत समारोह की तिथि 21 अक्तूबर के आसपास भी तय हो सकती है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री का शिमला दौरा प्रस्तावित है।