दो दिन में ही गोभी, बैंगन, घीया, शिमला मिर्च, फ्रासबीन, भिंडी और अन्य सब्जियों के दाम प्रति किलो 10 से 30 रुपये तक बढ़े हैं। भिंडी 50 से 60 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रही है। शिमला मिर्च के दाम 40 प्रति किलो हो गए हैं।
अन्य सब्जियों का भी यही हाल है। स्थानीय स्तर पर उगाई जाने वाली सब्जियां मार्केट मेें मांग पूरा करने में कामयाब नहीं हो पा रही हैं। दूध भी लोगों को वही मिल पा रहा है, जिसकी पैदावार स्थानीय स्तर पर होती है।
फल, सब्जी एवं फूल उत्पादक संघ के अध्यक्ष हरीश चौहान ने कहा है कि किसान एकता मंच के सौजन्य उत्तरी और मध्य भारत में आंदोलन हो रहा है। हिमाचल में फल, सब्जी एवं फूल उत्पादक संघ इसमें सहयोग कर रहा है।
हमारा नारा किसान छुट्टी पर है। हमारी मुख्य तीन मांगें हैं। 18 हजार रुपये न्यूनतम आमदनी सुनिश्चित की जाए। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करें। एकमुश्त संपूर्ण कर्ज माफी की जाए। हिमाचल की राज्य स्तरीय मांगों में सब्जी और दूध का न्यूनतम मूल्य तय हो, जो लागत का डेढ़ गुना हो।
सेब को विशेष उत्पाद घोषित करें। किसान न तो शहर से कुछ खरीदेगा और न बेचेगा। दूध, सब्जियां हो सके तो अपने गांव में ही बेचेगा ताकि शहर वाले गांव से खरीदें। ये आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा। कोई तोड़फोड़ और नारेबाजी नहीं होगी।