प्रधानाचार्य संदीप ने पेश की पाठशाला की वार्षिक रिपोर्ट संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चियोग के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मेधावी छात्र छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में पंचायत प्रधान दिनेश जागटा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर समाजसेवी एवं व्यवसायी टिंकी शर्मा और अमित शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। समारोह के दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेल और अन्य गतिविधियों में अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कारों से नवाजा गया। इस मौके पर विद्यालय की ओर से प्रकाशित ज्ञान दीपिका स्मारिका का विमोचन भी किया गया। प्रधानाचार्य संदीप शर्मा ने पाठशाला की वार्षिक रिपोर्ट पेश की। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षा के कला संकाय में आस्था ने 96.4 प्रतिशत से प्रथम, वाणिज्य में आस्तिक ने 85.6 प्रतिशत और विज्ञान संकाय में वंशिका ने 79 प्रतिशत अंक प्राप्त करके पाठशाला का नाम रोशन किया। इसी तरह 10वीं कक्षा में आरती ने 93.4 प्रतिशत लेकर प्रथम और सानिया ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त द्वितीय स्थान हासिल किया था। पाठशाला में रोबोटिक लैब में विद्यार्थियों को कई तरह के शोध करवाए जा रहे हैं। ईको क्लब में राज्य के एक सौ श्रेष्ठ स्कूलों में से चियोग स्कूल को शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ है।
खेल गतिविधियों में इस विद्यालय से अंडर 19 वर्ग में छात्र वर्ग में 11 और छात्रा वर्ग में 14 खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय स्पर्धा के लिए हुआ। ईशिता और सेजल का चयन राष्ट्रीय खेल स्पर्धा के लिए हुआ है। विद्यालय की छात्र-छात्राओं ने मनमोहक पोशाकों में प्रस्तुतियां देकर वाहवाही लूटी। शिक्षक हरिकृष्ण शर्मा और बबीता शर्मा ने बखूबी से मंच संचालन करके दर्शकों को बांधे रखा।