सूबे में दवाइयों की टेंडर प्रक्रिया बीते तीन सालों से अधर में लटकी है। अस्पतालों में सरकार 330 प्रकार की दवाइयां और गर्भवती महिलाओं के प्रसव पर बेबी किट निशुल्क उपलब्ध करवाने के दावे कर रही है, लेकिन प्रदेश के अस्पतालों में जो दवाइयों का मौजूदा स्टॉक है, वह बीस दिन बाद 31 जनवरी को एक्सपायर हो रहा है। तीन सप्ताह के बाद एक्सपायर हो रही दवाइयों को अब अस्पतालों में धड़धड़ा बांटा जा रहा है।
स्टॉक खत्म करने के लिए तो कई मरीजों को आवश्यकता से अधिक दवाइयां दी जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला हमीरपुर में सामने आया है। यहां एक मरीज ने उपमंडल बड़सर के एक सरकारी अस्पताल में दवाई ली। उस दवाई पर निर्माण की तारीख फरवरी 2017 और एक्सपायरी तारीख जनवरी 2019 अंकित है। इस तरह से 31 जनवरी के बाद प्रदेश के अस्पतालों में पड़ी लाखों रुपये की कीमत की दवाइयां खराब हो जाएंगी।