डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। मेडिकल कॉलेज के गायनी विभाग ने कैंसर, इंफेक्शन और अन्य रोगों की जांच के लिए जो सैंपल एसआरएल लैब भेजे, उन सैंपलों के कंटेनर खाली निकले हैं। अस्पताल में जांच करवाने आए मरीज जब रिपोर्ट लेने अस्पताल पहुंचे तो उन्हें एक से दूसरे विभाग के कमरों में दौड़ाया गया।
अस्पताल में बीते 11 सितंबर को गायनी विभाग में 11 मरीजों को चिकित्कों ने चेक किया और उनकी जांच को लिए गए सैंपल एसआरएल लैब भेजे। एसआरएल लैब गुड़गांव में इन सैंपलों के कंटेनर खाली निकले हैं। ऐसे में गुड़गांव लैब ने अस्पताल प्रबंधन को पत्र जारी कर कंटेनर खाली होने की बात कही। लिखा कि नो टिशू प्रेजेंट इन कंटेनर, प्लीज क्लेरीफाई।
उधर, 22 सितंबर को जांच रिपोर्ट लेने अस्पताल पहुंचे मरीजों व तीमारदारों को एक से दूसरे कमरे में दौड़ाया गया। इसके बाद रिपोर्ट न होने और सैंपल जांच न होने का हवाला दिया गया। संबंधित लोगों ने अब सोमवार को इसकी शिकायत मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं जिला प्रशासन से करने का निर्णय लिया है।
एसआरएल लैब इंचार्ज हमीरपुर डॉ. अनुराधा का कहना है कि गायनी विभाग से जो सैंपल आए थे उनमें जांच करने वाले मैटीरियल (टिशू) की मात्रा कम होने के कारण जांच नहीं हो पाई है। सैंपलों को गुड़गांव लैब भेजा गया था, जहां पर जांच नहीं हो पाई।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. अनिल चौहान का कहना है कि इस बात की अभी जानकारी नहीं है। संबंधित विभाग से इस बात का पता किया जाएगा कि कंटेनर क्यों खाली निकले हैं।