हिमाचल में अब करीब 22 लाख लोगों का 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज होगा। प्रदेश सरकार ने हिमाचल में आयुष्मान भारत योजना लांच की है। योजना के तहत प्रदेश के 175 सरकारी और निजी अस्पतालों में लोगों की 1800 बीमारियों का उपचार होगा।
इस योजना का लाभ राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत चयनित बीपीएल, मनरेगा और सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण-2011 के चिह्नित गरीब परिवारों को मिलेगा। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने योजना की लांचिंग के दौरान जिला किन्नौर के उपायुक्त के साथ वीडियो कांफ्रेंस कर योजना को दूरदराज के लोगों तक पहुंचाने की बात कही।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मुख्यालय में तैनात मंत्रियों और कुल्लू, कांगड़ा जिले के धर्मशाला, मंडी, सोलन, बिलासपुर, सिरमौर जिले के नाहन, ऊना और हमीरपुर में इस योजना को शुरू करने वाले मंत्रियों के साथ वार्तालाप किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रांची से इस योजना का शुभारंभ किया, जिसका सीधा प्रसारण भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री राज्य स्वास्थ्य देखभाल योजना भी कार्यान्वित कर रही है, जिसके तहत 1.05 लाख परिवारों को शामिल किया गया है।
योजना का लाभ लेने को यह दस्तावेज अनिवार्य
अस्पताल में उपचाराधीन मरीज के पास राशनकार्ड, आधार कार्ड, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड, पंजीकृत मोबाइल नंबर होना अनिवार्य है।
योजना की प्रक्रिया
- भारत सरकार का सॉफ्टवेयर बताएगा कि लाभार्थी योजना के लिए पात्र है या नहीं
- लाभार्थी की पुष्टि के बाद उन्हें ई-कार्ड दिया जाएगा
- लाभार्थी अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद दस्तावेज प्रधानमंत्री आरोग्य मित्र को दिखाएंगे, ताकि क्लेम की प्रक्रिया पूरी हो
जानकारी के लिए स्वास्थ्य विभाग में फोन कर सकेंगे लोग
हिमाचल स्वास्थ्य बीमा योजना सोसाइटी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग हिमाचल दूरभाष नंबर 0177-2629840 पर संपर्क कर सकते हैं।
आयुष्मान भारत योजना के पीटरहॉफ शिमला में हुए लोकार्पण के दौरान लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड भी बांटे गए। गोल्डन कार्ड का वितरण राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया। रविवार को मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रोहित सावल की ओर से तैयार किए गए लघु वृत्त चित्र को भी दिखाया गया।
जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. निर्मल सिंह, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष कंवर पाल गुज्जर, गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष राजेंद्र, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष संतोष यादव, विधानसभा के मुख्य सचेतक नरेंद्र बरागटा, राज्य भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, नगर निगम शिमला महापौर कुसुम सदरेट, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, निदेशक सूचना एवं जन संपर्क अनुपम कश्यप सहित लोग उपस्थित थे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने योजना से संबंधित दिशा-निर्देशों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया।
विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देश और प्रदेश के लोगों के लिए बहुत बड़ा उपहार है। उन्होंने कहा कि इसके तहत राज्य की पूरी आबादी को शामिल किया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि इस योजना के तहत लगभग 1800 बीमारियों के उपचार को शामिल किया गया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य बीके अग्रवाल ने राज्यपाल और अन्य गण्यमान्य लोगों का स्वागत किया।