बेटी चंडीगढ़, मां आनी से पहुंची शिमला, लिया सम्मान
12वीं के बाद मैं अब चंडीगढ़ से बीए आनर्स की पढ़ाई कर रही हूं। मैं दीदी के साथ सुबह 6:00 बजे चंडीगढ़ से शिमला रवाना हुई थी। मुझे मेडल पहनते देखने के लिए मम्मी भी आनी से शिमला आई हैं। मुख्यमंत्री से मेडल पाकर खुश हूं। मैंने उनके साथ फोटो भी ली है।-बबीता ठाकुर, 12वीं टॉपर, निवासी आनी कुल्लू
सड़कें बंद, दो बार ली टैक्सी, फिर बस
मैं मम्मी के साथ शिमला आई हूं। हमारे इलाके में कई जगह सड़कें टूटी हुई हैं। शिमला आने के लिए वीरवार दोपहर 2:00 बजे हमने घर से पंडोह तक बस ली। इसके आगे दो बार टैक्सी बदलनी पड़ी। कई जगह पैदल भी चले। मैंने डीएवी पब्लिक स्कूल रांगरी मनाली से दसवीं की पढ़ाई की है। -मारिशा शर्मा, 10वीं टॉपर, निवासी सरकाघाट मंडी
मेडल मिला और पहली बार शिमला भी देखा
मैं पहली बार शिमला आई हूं। यहां मुझे मेडल भी मिल गया और शिमला भी देखने को मिला। समारोह में टाइम से पहुंच जाएं, इसके लिए रात को ही पापा के साथ घर से निकल गई। रात 12:00 बजे चंबा से शिमला के लिए बस ली थी। तड़के ही हम शिमला पहुंच गए। रात को पहली बार इतना लंबा सफर किया है। -मनीषा कुमारी, 12वीं टॉपर, निवासी चुराह चंबा
रात को ही पहुंच गए शिमला
पापा प्राइवेट नौकरी करते हैं और आज छुट्टी ली है। मेरा घर बद्रीपुर में है जो पांवटा से तीन किलोमीटर दूर है। इतने बड़े कार्यक्रम में देर न हो, इसलिए हम वीरवार रात 10:00 बजे ही शिमला पहुंच गए थे। यहां विक्ट्री टनल के पास किराये का कमरा लिया था। सीएम से मेडल पहनकर खुश हूं।-मेघा डिमरी, 12वीं टॉपर, निवासी पांवटा साहिब, सिरमौर