खज्जियार में बनाई गई कंपोस्ट साइट।
- फोटो : Chamba
कूड़े को लेकर नगर परिषद के वार्डों में बनेगी निगरानी कमेटियां
कमेटी में शामिल होंगे पांच अधिकारी व पांच अन्य सदस्य
वार्ड में सफाई पर कमेटी रखेगी नजर, नहीं कर सकेंगे कोताही
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। शहर में विभिन्न वार्डों में कई दिनों से कूड़ा नहीं उठ रहा है। कूड़े वार्ड में उठ रहा है या नहीं, इस पर नजर रखने के लिए निगरानी कमेटियों का गठन किया जाएगा। कमेटी में उस वार्ड में रहने वाले पांच अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। जबकि पांच लोग इस कमेटी में गैर सरकारी होंगे। कमेटी कूड़ा न उठने की सूरत में अपनी रिपोर्ट प्रशासन को देगी। डोर टू डोर और कूड़ा सही तरीके से न उठने के बाद प्रशासन ने कमेटियों के गठन का निर्णय लिया है। निगरानी कमेटियों के गठन से शहर में हर कहीं कूड़े के ढेर नहीं लगेंगे। वार्ड में अगर कूड़ा नहीं उठता है तो कमेटी इसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपेगी। नगर परिषद साफ सफाई का कार्य ठेके पर देता है। कई वार्डों से ठेकेदार डोर टू डोर क्लेक्शन भी सही तरीके से नहीं करते हैं।
जबकि वार्ड में कई गली चौराहों पर ठेकेदार की लेबर कूड़े को रोजाना नहीं उठाते हैं। लेकिन अब ऐसी कोताही नहीं हो सकेगी। लापरवाही और कूड़ा न उठने की हालत में कमेटी इसकी रिपोर्ट प्रशासन को देगी। सरकारी अधिकारियों को कमेटी में इस मकसद से शामिल किया गया है कि इससे कमेटी सिर्फ नाम की कमेटी न रहकर प्रभावी होंगी। यह अपने स्तर पर निर्णय भी सकेंगी। गौर रहे कि शहर में कूड़े की समस्या को लेकर उपायुक्त सख्त हो गई है। उपायुुक्त ने पार्षदों की बकायदा एक बैठक बुलाकर नगर परिषद को साफ तौर पर कह दिया है कि शहर में कूड़े के ढेर नहीं लगने चाहिए। जहां पर भी कूड़ा जमा किया गया है। उसे तुंरत हटाया जाए। उपायुक्त से मिले आदेश के बाद ही कुल्लू शहर में जगह-जगह कूड़ा उठना शुरू हुआ है। इस संबंध एडीएम अक्षय सूद ने कहा कि शहर में कूड़े की समस्या पैदा न हो इसके लिए नगर परिषद को भी विशेष दिशानिर्देश दिए गए हैं। इसके साथ वार्डों में निगरानी कमेटियों का गठन किया जाएगा। जिसमें पांच सरकारी अधिकारी सहित कुल दस लोग शामिल होंगे। जो सफाई व्यवस्था पर वार्ड में नजर रखेंगी।
..बलदेव