नियमों को धता बताकर भवन निर्माण करने वाले प्रभावशाली लोगों के गिरेबान तक नगर निगम के हाथ आखिरकार पहुंच ही गए। शहर में अनुमति से अधिक भवन निर्माण करने वालों के खिलाफ निगम के अफसर अभी तक अपनी ड्यूटी करने से कतरा रहे थे।
फील्ड स्टाफ की शह पर चल रहे गोरखधंधे को जानबूझ कर अनदेखा किया जा रहा था। ‘अमर उजाला’ ने सोमवार के अंक में शीर्षक ‘कानून बनाने वाले ही तोड़ रहे नियम’ से खबर प्रकाशित कर जब मामले को उजागर किया तो निगम अफसरों की जमीन खिसक गई।
जारी किए नोटिस
सोमवार को वास्तुकार एवं योजनाकार शाखा की टीम ने मौके पर जाकर आठ प्रभावशाली लोगों को ब्यूलिया और पंथाघाटी में नोटिस जारी किए। इसके अलावा न्यू शिमला और चलौंठी में भी छह भवन मालिकों को नोटिस दिए हैं।
उपनगरों में हुई कार्रवाई
नगर निगम की वास्तुकार एवं योजनाकार शाखा ने शहर में अनुमति से अधिक भवन निर्माण करने के आरोप में सोमवार को कुल 15 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए हैं। ब्यूलिया, पंथाघाटी, न्यू शिमला और चलौंठी में नगर निगम ने कार्रवाई की है। इन भवन मालिकों के भवन नियमित करने के आवेदन अब स्वीकार नहीं होंगे।
एमसी कोर्ट में चलेगा केस
इन लोगों के खिलाफ निगम आयुक्त कोर्ट में मामला चलेगा। वास्तुक योजनाकार केएस चौहान ने इसकी पुष्टि की है। ब्यूलिया और पंथाघाटी में आठ भवन मालिकों, न्यू शिमला में चार और चलौंठी में तीन नोटिस दिए हैं।