छुट्टियों के दौरान राजधानी में जहां तहां पसरी गंदगी पर उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने कड़ा संज्ञान लिया है। बुधवार को स्वास्थ्य शाखा के अफसरों की उपमहापौर ने जमकर क्लास लगाई। टिकेंद्र पंवर ने ठोस कचरा संयंत्र भरयाल में भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के अफसरों को आदेश दिए।
उपमहापौर ने अफसरों को दो टूक कहा कि अपनी जिम्मेवारियों को एक-दूसरे पर डालने का काम छोड़कर अफसर ड्यूटी को निष्ठा के साथ निभाएं। उपमहापौर टिकेंद्र पंवर ने स्वास्थ्य शाखा के अफसरों को बताया कि बीते दिनों की छुट्टियों के दौरान शहर के कई हिस्सों से गंदगी नियमित तौर पर नहीं उठने की शिकायतें मिली हैं।
इसके अलावा भरयाल संयंत्र में भी सही तरीके से कूड़ा ठिकाने नहीं लगाया जा रहा। इस बाबत अफसरों ने बताया कि संयंत्र के ठेकेदार की लापरवाही के चलते कूड़ा सही तरीके से ठिकाने नहीं लग रहा। इस पर उपमहापौर टिकेंद्र पंवर बिफर उठे। उन्होंने अफसरों को बहाने बनाने के बजाय जिम्मेवारी सही तरीके से निभाने का पाठ पढ़ाया।
उपमहापौर ने कहा कि भरयाल संयंत्र में हर समय एक जेसीबी कूड़े को ठिकाने लगाने के लिए होनी चाहिए। ठेकेदार अगर व्यवस्था दुरुस्त रखने में नाकाम है तो नगर निगम अपने स्तर पर व्यवस्था करे। ठेकेदार को दिए जाने वाली पेमेंट से व्यवस्थाएं सही करने के लिए खर्च किए जाने वाली राशि का भुगतान किया जाए।