भाजपा नेत्री एवं पूर्व महापौर मधू सूद के बाद अब पार्टी के कई पार्षदों ने भी नगर निगम के पहले एक साल के कार्यकाल को फेल करार दे दिया है। सोमवार को नगर निगम पहुंची भाजपा पार्षद आरती चौहान ने कहा कि पहले साल में जनता को सुविधा दिलाने के कोई बड़े काम नहीं कर पाए।
पार्षद ने कहा कि जनता ने जो उम्मीदें उनसे की थी, वे पूरी नहीं हुई हैं। पार्षद ने महापौर के चीन दौरे पर भी फिर सवाल उठाए। कहा कि पेयजल संकट के समय में मेयर को चीन दौरा टालना चाहिए था।
ढली पार्षद शैलेंद्र चौहान ने कहा कि उनके वार्ड में एक भी नया काम नहीं हुआ। अपर और लोअर ढली में पिछले काम ही चल रहे हैं। अफसर फाइलें मंजूर नहीं कर रहे। पार्किंग बन नहीं रही। जनता सवाल पूछ रही है।
कहा कि जब पुराने पार्षदों के काम ही नहीं हो रहे तो नए के कहां से होंगे। उधर, विपक्षी पार्षदों ने भी निगम पर सवाल खड़े किए हैं। पार्षद सिमी नंदा, दिवाकर शर्मा ने कहा कि उनके ज्यादातर प्रस्ताव निगम में धूल फांक रहे हैं।
पार्षद शैली शर्मा ने कहा कि नए काम कैसे करें, निगम उनकी फाइलें रोक रहा है। वहीं, पार्षद विवेक शर्मा, किरण बावा, बृज सूद ने कहा कि उनके वार्ड में काम हो रहा है। शहर में भी काफी प्रयास हुए हैं। रिजल्ट आने में थोड़ा तो वक्त लगेगा।