मटौर से शिमला के लिए बन रहे फोरलेन के अंतर्गत दौलतपुर से तरसूह के बीच बनीं दो सुरंगों के छोर आपस में मिल गए हैं। शनिवार को इसकी ब्रेकथ्रू सेरेमनी आयोजित की गई। इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने दोनों सुरंगों का निरीक्षण किया। करीब 600 मीटर लंबी इन दोनों सुरंगों से वाहन चालकों का सफर करीब 18 किलोमीटर कम हो जाएगा। शनिवार को निरीक्षण के बाद अगली रणनीति तैयार की जाएगी।
विज्ञापन
करीब डेढ़ सौ करोड़ की लागत से निर्माणाधीन इन सुरंगों से यातायात बहाल होने के बाद वाहन चालकों की जहां समय पर बचत होगी। वहीं, ऊंचे मालवाहक वाहन भी सीधे कांगड़ा और अन्य इलाकों में पहुंच सकेंगे। कंपनी का दिसंबर से पहले फोरलेन पर यातायात बहाल करने का लक्ष्य है। शनिवार को ब्रेकथ्रू सेरेमनी के दौरान दोनों सुरंगों के छोरों को आपस में मिला दिया गया। फोरलेन निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कविराज चौहान ने इसकी जानकारी दी। इस दौरान एनएचएआई और कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से बड़े अधिकारी मौजूद रहे।