ग्रामीण स्तर पर हुए वैवाहिक समारोह में लॉकडाउन के नियमों का भी पालन हुआ। सात फेरों के दौरान भी मात्र 6 से 8 लोग मौजूद रहे। नाच-गाने व मेहंदी से संबंधित सभी रस्में भी अधूरी रह गईं। प्रशासन ने शादियां निपटाने के लिए वर पक्ष को केवल दो गाड़ी व पांच से छह लोगों की स्वीकृति दी थी। शामियाना, लाउडस्पीकर, धाम व अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर भी रोक थी। ददाहू तहसील के अंतर्गत 6 मई को करीब 40 शादियों के आवेदन मिले थे।
इनमें वर पक्ष के लोगों को ही बरात ले जाने की स्वीकृति दी गई थी। वधू पक्ष को नियमों का पालन करने के आदेश दिए थे। उधर, एसडीएम संगड़ाह राहुल कुमार ने बताया कि शादियों में लोगों ने अपने रीति-रिवाज के साथ प्रशासन के आदेशों का पालन किया है। जिन शादियों के आवेदन मिले थे, उन सभी शादियों को निपटाने के लिए 5 से 6 लोगों के इकट्ठा होने की स्वीकृति दी गई थी। लॉकडाउन के दौरान दर्जनों शादियों को स्वीकृति दी गई है। वाहनों के आने व जाने के लिए पास बनाए गए।