गौरीकुंड में सांस लेने में दिक्कत होने के बाद 53 वर्षीय पठानकोट निवासी ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 53 वर्षीय जरनैल सिंह निवासी वलसुहा फरीदनगर पठानकोट के रूप में हुई है। पर्वतारोहण संस्थान की टीम ने शव को सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया, जहां पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार पठानकोट निवासी जरनैल सिंह रविवार को पंजाब से अपने साथियों के साथ मणिमहेश यात्रा पर आए थे।
गौरीकुंड पहुंचने पर रविवार देर रात उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी और उन्होंने दोस्तों को अपनी तकलीफ के बारे में बताया। दोस्तों ने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। देखते ही देखते व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह रेस्क्यू टीम ने शव को भरमौर पहुंचाया गया। मणिमहेश यात्रा के दौरान अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है। एसडीएम भरमौर कुलवंत सिंह ने पंजाब के श्रद्धालु की यात्रा के दौरान मौत होने की पुष्टि की है।