श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएं, ताकि मरीजों को राहत मिल सके। यह आग्रह मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा ने नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से किया है। अनिल शर्मा अपने बेटे आश्रय शर्मा के साथ दिल्ली में जेपी नड्डा के दिल्ली स्थित निवास स्थान पर पहुंचे तथा उन्हें केंद्रीय मंत्री बनने पर बधाई दी।
विज्ञापन
स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आश्वासन दिया कि हिमाचल ही नहीं बल्कि मंडी में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत हैं। इसके अलावा अनिल शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही अन्य विकास के कार्यों के लिए भी स्वास्थ्य मंत्री से केंद्र की ओर से प्रायोजित स्कीम के तहत आर्थिक सहायता के लिए आग्रह किया।