हिमाचल के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर बनाला के पास चट्टानें आने से सोमवार शाम से बंद मार्ग को बहाल कर दिया गया है। यहां पहाड़ी से रुक-रुक कर भूस्खलन हो रहा था, जिस कारण दिनभर यहां जाम लगता रहा।
इसको देखते हुए प्रशासन ने हाईवे को मंगलवार सुबह आठ बजे तक के लिए बंद कर दिया था। इससे हाईवे रात भर ठप रहा। मंगलवार को प्रशासन ने हाईवे बहाल कर दिया है। इससे सैलानियों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। बनाला में शनिदेव मंदिर के पास लगातार भूस्खलन लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है।
वहीं, कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर फोरलेन निर्माण के दौरान रबौण में मुख्य चौक पर अचानक मलबा खिसककर पोकलेन पर आ गिरा। हादसे में मशीन ऑपरेटर मलबे की जद में आने से अंदर ही फंस गया। मशीन के कांच तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। घायल ऑपरेटर संदीप गुरदासपुर पंजाब का रहने वाला है।