फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुबह-शाम बॉक्सिंग, दिन में किताबें पढ़कर समय बिता रहे आशीष चौधरी

Mon, 20 Apr 2020 12:33 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, सुंदरनगर (मंडी)/धर्मशाला
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

टोक्यो ओलंपिक के लिए चयनित भारतीय बॉक्सिंग टीम के सदस्य सुंदरनगर निवासी बॉक्सर आशीष चौधरी लॉकडाउन और प्रदेश में जारी कर्फ्यू के मध्य इन दिनों घर पर ही अभ्यास कर समय व्यतीत कर रहे हैं। कोरोना वायरस के कारण जून में होने वाले ओलंपिक गेम्स भले ही एक साल के लिए टल गए हैं, लेकिन आशीष ने अपनी तैयारी रखी है।

विज्ञापन


जार्डन के अमान में क्वालिफाईंग मैचों में 75 किलोग्राम भार वर्ग में जीत हासिल करने के बाद से आशीष चौधरी घर पर ही हैं। आशीष घर की छत पर ही सुबह-शाम मुक्केबाजी का अभ्यास करते है। इसके अलावा खेतों में स्प्रिंट और दौड़ लगाकर स्पीड वर्कआउट कर रहे हैं। आशीष ने कहा कि लॉकडाउन के चलते वह घर के बाहर नहीं जा सकते, लेकिन लेकिन घर में ही खुद को फिट रखने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।

विज्ञापन


घर पर बॉक्सिंग और जिम के उपकरण हैं। इससे रोजाना अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घर के बाहर उनके अपने खेत हैं। इनमें सुबह-शाम स्प्रिंट लगाते हैं और रनिंग करते हैं। वह दिन में अपने मुकाबलों के पुराने वीडियो देखते हैं। विश्व के नामी बॉक्सरों के मुकाबलों और उनकी विरोधियों को धराशायी करने की तकनीक भी जान रहे हैं। आशीष ने बताया कि दिन के समय वह अमर उजाला समाचार पत्र और किताबें पढ़ते हैं।

कहा कि कोरोना के खात्मे के बाद वह बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अभ्यास शिविर में जाएंगे, लेकिन अभी शिविर कब होगा, इसको लेकर कोई जानकारी नहीं है। आशीष के पूर्व कोच और जिला खेल अधिकारी मंडी नरेश ठाकुर ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक के लिए टिकट हासिल कर आशीष चौधरी ने पहला पड़ाव पार कर लिया है। अब निगाहें अगले साल होने वाली ओलंपिक मुकाबलों पर हैं। 

विज्ञापन

फिट रहने के लिए ऑनलाइन टिप्स ले रहे खिलाड़ी, रोजाना लग रही क्लास

कोरोना के चलते लॉकडाउन हुए खिलाड़ी घरों में ही अभ्यास कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और साई हॉस्टल धर्मशाला अपने-अपने खिलाड़ियों को ऑनलाइन फिट रहने के टिप्स दे रहे हैं। साई प्रबंधन रोजाना साढ़े नौ से दोपहर दो बजे तक ऑनलाइन क्लासें लगवा रहा है। खिलाड़ी हर रोज अपनी गतिविधियों का पूरा ब्योरा एक फार्म में भरकर साई प्रबंधन को उपलब्ध करवा रहे हैं।

लॉकडाउन के कारण एचपीसीए और साई के खिलाड़ियों के खेल और उनकी फिटनेस में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए इनकी फिटनेस का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। एचपीसीए सचिव सुमित शर्मा ने बताया कि खिलाड़ियों की फिटनेस और उनके खेल को लेकर प्रबंधन ने कोच और फिजियोथैरेपिस्ट के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग से बैठक की है। खिलाड़ियों को फिट रहने के टिप्स ऑनलाइन दिए जा रहे हैं। इनकी दिक्कतों को भी ऑनलाइन ही सुलझाया जा रहा है। अकादमियों में कोचिंग ले रहे खिलाड़ियों को कोई दिक्कत न आए, इसके लिए एचपीसीए प्रबंधन ने पूरी तैयारियां की हैं।

वहीं, साई होस्टल के खिलाड़ियों को भी पूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। खिलाड़ियों की रोजाना साढ़े नौ बजे से लेकर दो बजे तक एक ऐप के माध्यम से क्लासें लगाई जा रही हैं। खिलाड़ी रोजाना शरीर को फिट रखने के लिए व्यायाम कर रहे हैं, जिसका रोजाना वीडियो बनाकर साई प्रबंधन को भेजा जा रहा है। साई के खिलाड़ियों को फार्म दिया गया है, जिसमें दिन भर की गतिविधियों की जानकारी मुहैया करवा रहे हैं। खिलाड़ियों की ओर से फार्म पर उपलब्ध करवाई जा रही जानकारी के उन्हें मार्क्स भी दिए जा रहे हैं।

साई होस्टल की खिलाड़ी अपने घर पर ही प्रैक्टिस कर रही हैं। खिलाड़ियों को ऑनलाइन ही फिट रहने के टिप्स और होमवर्क दिया जा रहा है। उनकी रोजाना साढ़े नौ बजे से लेकर दो बजे तक ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्लास लगाई जा रही है। - निर्मल कौर, प्रभारी, साई होस्टल धर्मशाला
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें