डिग्री फर्जीवाड़े में फंसी मानव भारती विवि के करीब एक हजार विद्यार्थियों की परीक्षाएं जनवरी में करवाई जा रही हैं। वर्तमान में विवि के विद्यार्थी सरकार की ओर से तैनात प्रशासक की अध्यक्षता में ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। अब सिलेबस पूरा होने वाला है। विवि में दूसरे से अंतिम चरण के विद्यार्थी हैं।
मार्च में विवि में फर्जी डिग्री मामले की जांच शुरू हुई थी। इसके बाद कई कमियां पाई गईं और मैनेजमेंट के कई पदाधिकारियों की गिरफ्तारियां भी हुईं। बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यहां प्रशासक तैनात किया गया। यह सभी कार्यों की मॉनीटरिंग कर इसकी जानकारी हर माह हिमाचल प्रदेश प्राइवेट एजूकेशनल इंस्टीट्यूट रेगुलेटरी कमीशन को भी दे रहे हैं।
विवि को इन कोर्सों की स्वीकृति
वर्ष 2019-20 के लिए सरकार ने मानव भारती विवि को जिन कोर्स की स्वीकृति दी है, उनमें बीफार्मा, बीसीए, बीबीए, एमबीए, बीए एलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, बीकॉम, बीए, बीएससी (मेडिकल), बीएससी (नॉन मेडिकल), एमए (अंग्रेजी) और डीईएलईडी डिग्री शामिल हैं। इनमें विद्यार्थी अपनी डिग्री पूरी कर रहे हैं। प्रथम वर्ष के लिए प्रवेश को बंद किया गया है। यह सरकार के आगामी आदेशों तक बंद रहेगा।
नियमित चल रही ऑनलाइन पढ़ाई : राजीव
मानव भारती विश्वविद्यालय में बतौर प्रशासक नियुक्त उद्योग विभाग के जनरल मैनेजर राजीव कुमार ने बताया कि विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं लग रही हैं। करीब सिलेबस पूरा हो गया है। अब जनवरी तक परीक्षाएं करवाई जाएंगी।