विश्वविख्यात पर्यटन नगरी मनाली में जनवरी माह में करवाने जा रहे राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल को भव्य रूप देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। पहले जहां मनाली मनु रंगशाला में ही विंटर कार्निवाल की शरद सुंदरी के लिए विभिन्न दौर में मॉडल का कंपीटीशन कराया जाता था।
वहीं, इस बार प्रशासन शरद सुंदरी के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और चंडीगढ़ में भी मॉडल खोजने के लिए ऑडिशन लेने की योजना बना रहा है। इसके लिए दिल्ली और चंडीगढ़ में ऑडिशन के लिए ऑडिटोरियम तलाशे जा रहे हैं।
वहीं, इस आयोजन के प्रचार-प्रसार पर भी खूब काम किया जा रहा है। इस के लिए सोशल मीडिया की सहायता भी ली जा रही है। नाटी, झांकी और शरद सुंदरी समेत हर विषय और क्षेत्र के लिए बाकायदा कमेटियों का गठन किया जा रहा है।
उपमंडलाधिकारी मनाली एचआर वेरवा का कहना है कि विंटर कार्निवाल के दौरान शरद सुंदरी के लिए दिल्ली और चंडीगढ़ में मॉडल्स का ऑडिशन लेने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उक्त स्थलों पर यदि आडिटोरियम उपलब्ध हो जाते हैं तो निश्चित तौर पर चंडीगढ़-दिल्ली में ऑडिशन लिए जाएंगे।
वहीं, मनाली होटिलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि विंटर कार्निवाल का 1978 से लेकर देश-विदेश के पर्यटकों में खासा आकर्षण रहा है। लिहाजा इसे बुलंदियों पर ले जाने को उनका संगठन भी यथासंभव सहयोग को तैयार है।