राष्ट्रीय विंटर कार्निवल का मुख्य आकर्षण रहने वाली विंटर क्वीन प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों के बीच जद्दोजहद शुरू हो गई है। विंटर क्वीन का ताज हासिल करने के लिए चंडीगढ़ में युवतियां रैंप पर उतरीं। बुधवार से विंटर क्वीन और वायस ऑफ कार्निवल के लिए ऑडिशन शुरू हुए। चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में विंटर क्वीन स्पर्धा के लिए 15 प्रतिभागियों ने ऑडिशन दिया जबकि वायस ऑफ कार्निवल का खिताब जीतने के लिए भी युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वायस ऑफ कार्निवल के लिए भी 15 युवा ऑडिशन देने पहुंचे। मनाली विंटर कार्निवल में विंटर क्वीन और वायस ऑफ कार्निवल प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेगी। कार्निवल कमेटी ने प्रतियोगिताओं की अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार से दोनों प्रतियोगिताओं के लिए ऑडिशन शुरू हो गए। विंटर क्वीन स्पर्धा में कैटवाक, टैलेंट राउंड और परिचय राउंड हुआ।