मनाली की रहने वाली शीतल अग्रवाल एयर इंडिया में एयर होस्टेस हैं।
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना की चपेट में आई पूरी दुनिया जहां सहमी हुई है। वहीं पर्यटन नगरी मनाली की बेटी शीतल अग्रवाल अपनी जान की परवाह न कर देश के लिए अपनी सेवाएं दे रही हैं। मनाली की रहने वाली शीतल अग्रवाल एयर इंडिया में बतौर एयर होस्टेस हैं। हाल ही में शीतल एयर इंडिया के विमान में लगभग 190 इटली के विदेशी पर्यटकों को लेकर इटली छोड़ कर आई हैं।
हालांकि इटली ने इन इटली वासियों को वापस ले जाने में असमर्थता जताई थी, लेकिन भारत सरकार ने इन्हें अपने खर्चे पर वापिस उनके देश छोड़ने का निर्णय लिया था। गत दिन शीतल अपनी एयर इंडिया की टीम के साथ विदेशियों को उनके देश में छोड़ कर आई हैं। इस दौरान इटली में फंसे लगभग 250 भारतीयों को वापस अपने वतन लेकर आए हैं।
शीतल अग्रवाल के पिता राज अग्रवाल ने बताया कि उनकी बेटी विदेशियों पर्यटकों को लेकर गई थी और वापसी में इटली में फंसे भारतीयों को लेकर भारत लौटीं हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें उनकी बेटी पर गर्व है कि ऐसी आपात स्थिति में भी वह अपनी सेवाएं देश के लिए दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि शीतल अब आने वाले सात दिनों तक अपने घर के अंदर ही रहेंगी और बाहर किसी से भी नहीं मिलेगी। पिता राज अग्रवाल और माता लता अग्रवाल ने बताया कि उनकी बेटी ने मनाली दिल्ली पब्लिक स्कूल में नॉन मेडिकल की पढ़ाई है। इसके बाद दिल्ली में एयर होस्टेस की पढ़ाई व ट्रेनिंग की। कहा कि उनकी बेटी छह सालों से एयर इंडिया में काम कर रही है। इससे पहले वह गो एयर में भी काम कर चुकी है।