अब पर्यटक और सेना के जवान रोहतांग, बारालाचा पास, सरचू होते हुए लेह जा सकेंगे।
- फोटो : अमर उजाला
सेना, पर्यटकों और होटल कारोबारियों के लिए राहत की खबर है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने रविवार को मनाली-लेह मार्ग बहाल कर दिया है। सोमवार से छोटे-बड़े तमाम वाहन मनाली-लेह के बीच आवाजाही कर सकेंगे। अब पर्यटक और सेना के जवान रोहतांग, बारालाचा पास, सरचू होते हुए लेह जा सकेंगे।
सेना की कानवाई भी पठानकोट व मनाली के पलचान से लेह तक के लिए दौड़ेगी। लंबे समय से पर्यटकों के इंतजार में बैठे सिस्सू, केलांग, जिस्पा के होटल कारोबारियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। सेना भी लेह-लद्दाख में चीन की सीमाओं में पहरा दे रहे सैनिकों को कम समय में रसद व गोला बारूद पहुंचा सकेगी।
1999 में कारगिल युद्ध के दौरान मनाली लेह मार्ग अपनी सामरिक महत्ता दर्ज करवा चुका है। लिहाजा, रक्षा मंत्रालय की नजर मनाली-लेह मार्ग पर रहती है। 38 बीआरटीएफ के कमांडर कर्नल केपी राजेंद्र ने मार्ग का निरीक्षण किया। जवानों के अथक प्रयासों पर
उन्हें शाबाशी दी। लाहौल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष वीर सिंह ने कहा कि लेह मार्ग बहाल होने से लाहौल के होटल कारोबारियों के कारोबार में इजाफा होगा। उपायुक्त विवेक भाटिया ने बताया कि सोमवार से वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।