सामरिक महत्व के मनाली-लेह हाईवे को डबल लेन किया जाएगा। 490 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर न तो जाम लगेगा और आवाजाही भी आसान होगी। हिमाचल में पड़ने वाले मनाली से सरचू तक 230 किलोमीटर लंबे मार्ग को डबल लेन करने का जिम्मा बीआरओ के दीपक विंग को दिया गया है। जबकि सरचू से लेह-लद्दाख (जेएंडके) तक 260 किमी मार्ग को चौड़ा सेना का ही दूसरा विंग हिमांग करेगा।
लेह, कारगिल और चीन की सीमा से सटे क्षेत्रों तक सेना का राशन और अन्य सामग्री पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी है। सूत्रों का कहना है कि दोनों छोर से सड़क को डबल लेने का कार्य शुरू हो गया है। बीआरओ ने मनाली से लेह तक करीब 490 किलोमीटर लंबे मार्ग को 2016 तक डबल लेन करने का लक्ष्य रखा है।
20 टन सामान पहुंचेगा एकसाथ
मनाली से लेह मार्ग डबल लेने होने से चीन बार्डर तक एक वाहन में 20 टन से अधिक सामान पहुंचा सकेंगे। वर्तमान में सिंगल रोड होने के कारण इस सड़क पर 6-7 टन से अधिक भार वाले वाहन नहीं जा सकते हैं।