मैक्लोडगंज में दलाई लामा मंदिर से कुछ दूरी पर वुड हाउस के पास एक तिब्बती युवक ने आत्मदाह कर लिया। घटना शनिवार शाम चार बजे की है। युवक ने झाड़ियों में खुद पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक कर आग लगा ली। युवक के बैग से तिब्बत का झंडा बरामद हुआ है।
माना जा रहा है कि युवक ने दर्दनाक मौत का यह कदम तिब्बत में चीन के अत्याचार और तिब्बत की स्वायत्तता की मांग के लिए उठाया। मरने वाले युवक की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार घटनास्थल के पास से गुजर रहे कुछ लोगों ने उक्त युवक को आग की लपटों में घिरा देखा तो केंद्रीय तिब्बती प्रशासन को जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। डीएसपी मुख्यालय राजेंद्र जसवाल की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। देर शाम तक जांच में जुटी रही। धर्मशाला से फोरेंसिक लैब के सहायक निदेशक एसके पाल व उनकी टीम ने भी मौके पर जाकर साक्ष्य जुटाए।
घटनास्थल पर पुलिस ने खाली बोतल, माचिस और एक बैग बरामद किया है। इस बैग में तिब्बत का झंडा भी बरामद हुआ है। केंद्रीय तिब्बती प्रशासन आत्मदाह करने वाले तिब्बती की पहचान में जुटा है।
डीएसपी हैडर्क्वाटर राजेंद्र जसवाल ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। फिलहाल आत्मदाह करने वाले तिब्बती की पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।