चोर गिरफ्तार, दो साथी फरार
कन्नौज (ब्यूरो)। चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले कार सवार युवक को पुलिस ने शनिवार की रात धर दबोचा, जबकि उसका भाई और एक साथी फरार हो गए। कोतवाली क्षेत्र के गांव रुदौली निवासी देवीदीन हिस्ट्रीशीटर है। वह अपने भाई बालक राम उर्फ घुरई और गुल्लू के साथ क्षेत्र में चोरी व लूटपाट को कई सालों से अंजाम दे रहा था। शनिवार की रात स्वाट टीम प्रभारी पप्पू सिंह ठैनुआ, कोतवाली प्रभारी आमोद सिंह ने जीटी रोड पर हर्रा चौकी के सामने तीनों को घेर लिया। देवीदीन और गुल्लू पुलिस को चकमा देकर भाग गए। पुलिस ने बालकराम को कार से गिरफ्तार कर लिया। कार में रखा चोरी का एक इलेक्ट्रानिक स्टार्टर और सायफन बरामद किया। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।