आग और करंट लगना बताया जा रहा मौत के कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी में 60 साल के व्यक्ति की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान लच्छी राम निवासी मुंडाघाट मशोबरा, शिमला ग्रामीण के तौर पर हुई है। मृतक सीपीडब्ल्यूडी के ठेकेदार के पास बतौर सिक्योरिटी गार्ड काम करता था। प्रारंभिक जांच में आग और करंट से मौत होने के कारण बताए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।
घटना छोटा शिमला थाना क्षेत्र के खलीनी की है। करीब 11:30 बजे खलीनी में नगर निगम के एक कमरे में आग लग गई। अग्निशमन अधिकारियों के मुताबिक सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो एक व्यक्ति को बेसुध हालत में बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल ले गए। कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। उधर, देर शाम उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि लच्छी राम खलीनी में फ्लाईओवर निर्माण कार्यों के सामान की देखरेख में तैनात था। पुलिस का कहना है कि मामले की तफ्तीश जारी है।