अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने वाले युवक पर माफिया ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप हैं कि खनन से जुड़े दो लोगों ने युवक को दराट दे मारा। रामपुर के दत्तनगर में वारदात से सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए यहां तैनात डीएसपी के तबादले की मांग कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार कहने के बावजूद भी डीएसपी ने मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। लोगों ने कहा कि डीएसपी की खनन माफिया के साथ मिलीभगत है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि दत्तनगर के रोहित नामक युवक ने क्षेत्र में खनन हो रहे खनन का विरोध किया। युवक का विरोध माफिया को नागवार गुजरा। मौका देखकर दो लोगों ने शुक्रवार रात रोहित को घेर लिया और उसे डराना-धमकाना शुरू कर दिया। जब रोहित नहीं माना तो एक व्यक्ति ने उसकी गर्दन पर दराट दे मारा।
रोहित ने बाजू से दराट के हमले को रोका, लेकिन वार से उसकी बाजू लहूलुहान हो गई। रोहित सोलन में बिजली बोर्ड में तैनात है और दिवाली पर घर छुट्टी आया है। हालांकि, शिकायत के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों का गुस्सा डीएसपी पर फुट पड़ा।
विज्ञापन
रोहित के पिता कुलदीप ने बताया कि 22 वर्ष तक बीएसएफ में सेवाएं देकर आए हैं। शुक्रवार शाम उन के बेटे पर जानलेवा हमला हुआ। घटना के बाद पुलिस ने उन की शिकायत नहीं सुनी, जब लोगों का दबाव बना तो पुलिस ने कार्रवाई की। एसडीपीओ रामपुर सोम दत्त ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रधान के फोन आने पर तुरंत मौके के लिए पुलिस भेज दी थी। आरोपी को हिरासत में लिया है।
रामपुर के साथ लगती दत्तनगर पंचायत में खनन माफिया के बुलंद हौसलों और पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। युवक पर हमले के बाद पुलिस के ढुलमुल रवैये के बाद लोगों ने डीएसपी के तबादले की मांग उठाई है। यदि ऐसा नहीं होता तो ग्रामीण डीएसपी कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन करेंगे और यदि जरूरत पड़ी तो एनएच पर चक्का जाम किया जाएगा।
दत्तनगर पंचायत प्रधान वीना नेगी, हितेष, चंद्रप्रभा, रामेश्वर सिंह, कुलदीप सिंह, चरनदास शर्मा, पवन कुमार, योगराज, प्रताप सिंह, जगदेव सिंह, रणजीत सिंह, ललित, मोहेंद्र, सरस्वती सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि शुक्रवार शाम जब रोहित ठाकुर खनन माफिया के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश कर रहा था तो उस पर दो लोगों ने दराट से हमला कर दिया।
ग्रामीण उसे लेकर पुलिस थाना रामपुर पहुंचे, लेकिन बार-बार फोन करने पर भी डीएसपी रामपुर पुलिस स्टेशन नहीं पहुंचे। उन्होंने डीएसपी पर खनन माफिया से मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए
डीएसपी रामपुर को तुरंत स्थानांतरित करने की मांग की है। उधर, डीएसपी सोमदत्त ने बताया कि ग्रामीणों ने जो आरोप लगाया है पूरी तरह से गलत हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस को भेजा और पुलिस ने युवक हिरासत में लिया। उसे जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा।