प्रदेश सरकार ने राज्य के 73 सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों का तत्काल प्रभाव से विलय किया है। यह निर्णय उन स्कूलों के लिए लिया गया है जहां विद्यार्थियों का नामांकन पांच या उससे कम था। विलय किए गए स्कूलों में 65 सरकारी प्राथमिक विद्यालय (जीपीएस) और आठ सरकारी माध्यमिक विद्यालय (जीएमएस) शामिल हैं। इन स्कूलों को उनके निकटतम सरकारी प्राथमिक विद्यालय (जीपीएस), सरकारी केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय (जीसीपीएस), सरकारी माध्यमिक विद्यालय (जीएमएस) या सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (जीएसएसएस) में मिलाया गया है। यह कदम राज्य में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है। मंडी जिले में सबसे अधिक 21 विद्यालयों का विलय किया गया है। शिमला जिले में 15, बिलासपुर में 9, कांगड़ा-किन्नौर में 6-6 और लाहौल-स्पीति में 4 स्कूल मर्ज किए गए हैं। चंबा में 3, कुल्लू, हमीरपुर, सिरमौर, ऊना में 2-2 और सोलन में एक स्कूल को मर्ज किया गया है। सचिव (शिक्षा) राकेश कंवर ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
मर्ज किए स्कूल यहां क्लिक कर देखें
सूची नंबर दो
डिनोटिफाई व मर्ज किए गए विद्यालयों के शिक्षण और गैर शिक्षण कर्मचारियों का स्थानांतरण किया जाएगा। विद्यालयों के बुनियादी ढांचे, कार्यालय रिकॉर्ड और अन्य स्टॉक वस्तुओं को भी स्थानांतरित किया जाएगा। यह स्थानांतरण विभाग की ओर से 17 अगस्त 2024 और 11 सितंबर 2025 को जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार होगा। सरकार ने यह कदम जनहित में उठाया है ताकि संसाधनों का बेहतर उपयोग हो सके।