नकली होलोग्राम व मार्का स्टीकर शराब मामले में मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास को हिमाचल प्रदेश के ऊना शहर से शुक्रवार शाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इस मामले में कई बड़े खुलासे होंगे। ऊना पुलिस की टीमें गौरव को दबोचने के लिए पालमपुर, पठानकोट और जम्मू में डेरा डाले हुए थे। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। इस मामले में पहले से गिरफ्तार दो आरोपियों ने शराब गौरव से लेने की बात कही थी। इसके बाद से ही पुलिस की जांच आगे बढ़ी थी। मामला उजागर होने के साथ ही गौरव फरार हो गया था। गौर हो कि मंडी में जहरीली शराब मामले में भी मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास जमानत पर चल रहा था। ऊना पुलिस उसकी जमानत रद्द करवाने के लिए हाईकोर्ट जा रही थी। चौतरफा बढ़ते दबाव के बीच गौरव ऊना में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस मामले में यह तीसरी गिरफ्तारी है। हालांकि इस मामले में और गिरफ्तारियां होना तय हैं।
विज्ञापन विज्ञापन
मामले के मुख्य आरोपी गौरव मिन्हास को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के बाद उससे कई जानकारियां मिलेंगी। फिलहाल कुछ तथ्य जांच स्तर पर हैं। ऐसे में इन्हें साझा नहीं किया जा सकता है। -अर्जित सेन ठाकुर, पुलिस अधीक्षक, ऊना