प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर-फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर से मां के भक्तों को अब घर बैठे ही माता रानी का प्रसाद मिल सकेगा। इसके लिए मंदिर ट्रस्ट ने ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी है। मंदिर ट्रस्ट ने इसके लिए अपनी वेबसाइट पर प्रसाद का ऑर्डर लेने के लिए लिंक को उपलब्ध करवाया है। जिस पर श्रद्धालु ऑन लाइन जाकर घर बैठे प्रसाद मंगवाने का ऑर्डर दे सकते हैं। प्रसाद अलग-अलग मात्रा में अलग-अलग रेटों पर उपलब्ध रहेगा। यही नहीं मंदिर न्यास श्रद्धालुओं को भेजने वाले इन प्रसाद के डिब्बों पर मंदिर भवन की फोटो के साथ भोग प्रसाद भी लिखा होगा। प्रसाद के डिब्बों का मूल्य 201 रुपये, 601 और 1101 रुपये रखा गया है। डिब्बों में ड्राई फ्रुट्स, देसी घी की पिन्नियां, माता रानी की छोटी चुनरी और जय माता दी लिखे हुए पटके होंगे।
श्रद्धालुओं के ऑर्डर आने पर सावन मेले के अष्टमी के दिन डीसी ऊना संदीप कुमार पोस्ट आफिस के माध्यम से श्रद्धालुओं को प्रसाद घर तक पहुंचाने के कार्य का शुभारंभ करेंगे। कोरोना महामारी के चलते पिछले चार महीनों से श्रद्धालु माता रानी के ऑनलाइन दर्शन कर रहे हैं। ऑनलाइन चढ़ावा चढ़ा रहे हैं। अब डीसी ऊना के प्रयासों से भक्तों को घर बैठे ही ऑनलाइन प्रसाद भी प्राप्त होगा। उधर, कार्यकारी मंदिर अधिकारी अभिषेक भास्कर ने कहा कि श्रद्धालुओं को घर बैठे प्रसाद मिल सके। इसके लिए वे न्यास की वेबसाइट पर जाकर ऑर्डर दे सकते हैं। उधर, डीसी ऊना संदीप कुमार ने बताया की घर बैठे प्रसाद देने की योजना का फिलहाल अभी ये डेमो है। शीघ्र ही योजना का शुभारंभ होगा।