शिमला जिले में सभी सफाई कर्मचारियों का कम से कम 10 लाख रुपये का जीवन बीमा अवश्य करवाएं ताकि इन कर्मचारियों के परिवारों को इसका लाभ मिल सके। यह बात भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत गठित राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष व कैबिनेट राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त एम वेंकटेशन ने बुधवार को शिमला के बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को उनकी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाए ताकि उनके कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने विभागीय अधिकारियों व आउटसोर्सिंग एजेंसी को सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एम वेंकटेशन ने कहा कि आयोग का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा सफाई कर्मचारियों को वेतन, ईपीएफ तथा कार्य करने के लिए बेहतर सुविधाओं को सुनिश्चित करना है। इसी तर्ज पर सभी विभागीय अधिकारियों को भी कार्य करने की आवश्यकता है ताकि सफाई कर्मचारियों को उनके अधिकारों से वंचित न होना पड़े।